ये शब्द हैं भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफ़ान पठान के, जो उन्होंने भारतीय महिला टीम के वर्ल्ड कप चैंपियन बनने के बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर ज़ाहिर किए हैं.

दरअसल दीप्ति शर्मा के प्रदर्शन ने भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई है. उन्होंने इस टूर्नामेंट में न केवल गेंद से बल्कि बल्ले से भी कमाल दिखाया है और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं.
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए महिला वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर भारतीय टीम चैंपियन बन गई है. भारतीय महिला टीम ने पहली बार चैंपियन बनने में कामयाबी हासिल की है.
299 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ़्रीकी टीम 45.3 ओवर में 246 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस तरह से भारतीय टीम ने दक्षिण अफ़्रीका को 52 रन से हरा दिया है.
भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने 9.3 ओवर में 39 रन देकर पांच विकेट हासिल किए. उनकी इस गेंदबाज़ी ने दक्षिण अफ़्रीका को 246 रन पर ऑलआउट करने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने मैच में बल्ले से भी 58 रनों का योगदान दिया.
इस जीत के बाद दीप्ति की मां ने कहा, दीप्ति ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया. ये हमें उम्मीद थी, अपने देश का गौरव बढ़ाने के लिए वो खरी उतरी. पूरे देश को बधाई हो, पूरे देश का सपना पूरा किया. सभी को बधाई हो.

फ़ाइनल मैच में दीप्ति शर्मा ने 58 रनों की शानदारी पारी भी खेली. इस तरह से क्रिकेट के किसी नॉकआउट मैच में अर्धशतक बनाने से साथ ही पांच विकेट लेने वाली वो पहली क्रिकेटर बन गई हैं. यह कारनामा पुरुषों के क्रिकेट में भी किसी ने नहीं किया है.
महिला वर्ल्ड कप के किसी मैच में पांच विकेट और अर्धशतक बनाने वाली वो पहली क्रिकेटर बन गई हैं. यही नहीं वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मैच में पांच विकेट लेने वाली वो महज़ दूसरी क्रिकेटर हैं.
वर्ल्ड कप में दीप्ति शर्मा ने गेंदबाज़ी की शानदार शुरुआत की और पहले श्रीलंका के ख़िलाफ़ तीन विकेट, फिर पाकिस्तान के ख़िलाफ़ तीन विकेट झटके.
बाद के मैचों में भी उन्होंने अपनी बेहतरीन गेंदबाज़ी जारी रखी और अगले मैचों में 1,2,4,1,1 और 2 विकेट हासिल किए.
इस वर्ल्ड कप में उनके बैट से सात पारियों में 53, 25, 4,1, 50, 24 और 58 रन निकले हैं. यानी सिरीज़ में कुल 215 रन.
महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप-2025 में ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के प्रदर्शन की बदौलत उन्हें प्लेयर ऑफ़ द सिरीज़ चुना गया. वो वर्ल्ड कप में 20 से ज़्यादा विकेट और 200 से ज़्यादा रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं.
भारतीय टीम के चैंपियन बनने के बाद दीप्ति ने कहा, “चाहे कैसी भी स्थिति हो. मैं हमेशा उसके लिए तैयार रहती हूँ क्योंकि मुझे चुनौतियाँ पसंद हैं. आज मुझे स्थिति के मुताबिक़ खेलना था और मैंने बल्ले और गेंद दोनों से अपनी भूमिका को एन्जॉय किया. मुझे लगता है कि लॉरा ने बहुत अच्छी पारी खेली.”
दक्षिण अफ़्रीका की कप्तान लॉरा ने फ़ाइनल मैच में 101 रनों की पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सकीं.
दीप्ति शर्मा को वर्ल्ड क्लास ऑफ़ स्पिनर में गिना जाता है और उन्होंने बल्लेबाज़ी पर भी काफ़ी मेहनत की है. दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ उनकी मेहनत बैटिंग में भी रंग लाई.
फ़ाइनल मैच में वो पांचवें नंबर पर बल्लेबाज़ी करने उतरीं और 58 गेंदों पर शानदार 58 रनों की पारी खेली. उनकी इस बल्लेबाज़ी ने भारत का स्कोर 300 के क़रीब ले जाने में अहम भूमिका निभाई.
दीप्ति शर्मा
इमेज स्रोत,Getty Images
इमेज कैप्शन,दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट चुना गया
क्रिकेट के मैदान में दीप्ति का अब तक का प्रदर्शन उनके शानदार खेल की गवाही देता है.
उन्होंने अब तक 121 वनडे मैचों में 37 से ज़्यादा की औसत से 2739 रन बनाए हैं. इसमें एक शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं.
टी-20 मैचों की बात करें तो 129 मैचों में क़रीब 24 की औसत से उन्होंने 1100 रन बनाए हैं.
वहीं गेंदबाज़ी में वनडे में अबतक 121 मैच खेलकर विपक्षी टीमों के 162 विकेट झटके हैं, इसमें उन्होंने 4 बार एक पारी में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड भी बनाया है.
टी-20 मैचों में भी दीप्ति ने 147 विकेट हासिल किए हैं.